बड़ी खबर: ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची बीजेपी, ‘भड़काऊ’ भाषण के लिए FIR दर्ज करने की मांग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजेपी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चुनाव प्रचार के दौरान ‘भड़काऊ’ और ‘डराने वाले’ बयान देने का आरोप लगाते हुए दिल्ली में चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरेन रिजीजू और सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपी, जिसमें सीएम के खिलाफ सख्त कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
बीजेपी का आरोप है कि 25 और 26 मार्च को मयनागुड़ी, नक्सलबाड़ी और पांडवेश्वर की रैलियों में ममता बनर्जी ने मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उकसाने वाले बयान दिए। किरेन रिजीजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “बंगाल की मुख्यमंत्री चुनाव को मजाक बना रही हैं। वह खुलेआम लोगों को धमकी दे रही हैं कि अगर बीजेपी को वोट दिया तो अंजाम भुगतना होगा।” बीजेपी ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती और अधिक आईएएस-आईपीएस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की भी मांग की है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है।