राहुल अरुणोदय बनर्जी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, फेफड़ों में मिली रेत और खारा पानी!

बांग्ला अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत की गुत्थी अब और उलझ गई है। तमलुक अस्पताल से आई शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको हैरान कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल के फेफड़े सामान्य से दोगुने आकार के हो गए थे और उनके श्वसन तंत्र के साथ-साथ पेट के अंदर भारी मात्रा में रेत और समुद्र का खारा पानी मिला है। डॉक्टरों का मानना है कि राहुल कम से कम एक घंटे से ज्यादा समय तक पानी के अंदर डूबे रहे होंगे।

अभिनेता का शव अब कोलकाता ले जाया जा रहा है, जहां उनके प्रशंसक आखिरी दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने ‘भोलेबाबा पार करेगा’ सीरियल की शूटिंग के फुटेज और कैमरे को कब्जे में ले लिया है। शूटिंग यूनिट के सदस्यों का कहना है कि काम खत्म होने के बाद राहुल पानी में उतरे थे, जबकि पटकथा के अनुसार गहरे पानी में जाने का कोई सीन नहीं था। सुदीप्ता चक्रवर्ती और रूपांजना मित्रा जैसी मशहूर हस्तियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और कारण है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *