जनगणना 2027: अब ‘विवाहित’ माने जाएंगे लिव-इन कपल्स! केंद्र सरकार ने नियमों में किया बड़ा बदलाव

2027 की जनगणना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अब लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रहने वाले जोड़ों को आधिकारिक तौर पर ‘विवाहित’ माना जाएगा। जनगणना पोर्टल के ‘FAQ’ सेक्शन में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई जोड़ा लंबे समय से साथ रह रहा है और अपने रिश्ते को स्थिर मानता है, तो वे खुद को विवाहित दंपत्ति के रूप में दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए किसी दस्तावेजी प्रमाण की आवश्यकता नहीं होगी।
1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच चलने वाले ‘हाउस-लिस्टिंग’ चरण में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से एक सवाल परिवार में विवाहित जोड़ों की संख्या से संबंधित होगा। उत्तरदाता अपनी जानकारी के अनुसार जो घोषणा करेंगे, गणना करने वाले अधिकारी उसे ही दर्ज करेंगे। पहले 15 दिन सेल्फ-इन्यूमरेशन (Self-enumeration) के लिए होंगे, जहां लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी भर सकेंगे। डेटा की सुरक्षा के लिए इसे सरकारी सर्वर पर एनक्रिप्टेड फॉर्म में रखा जाएगा।