आज भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट! बंगाल के इन जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेगा तूफान

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय ट्रफ लाइनों के कारण पश्चिम बंगाल के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। आज मंगलवार (31 मार्च) को पूरे राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। हालांकि, अलीपुर मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। जैसे ही बारिश थमेगी, सूरज के तेवर तल्ख होंगे और गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा।

दक्षिण बंगाल का हाल: आज दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हावड़ा, हुगली, नदिया और उत्तर-दक्षिण 24 परगना में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। बांकुरा और हुगली जैसे जिलों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी आशंका जताई गई है। 2 अप्रैल से मौसम शुष्क होना शुरू हो जाएगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश: उत्तर बंगाल के ऊपरी पांच जिलों—दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में आज भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मालदा और दिनाजपुर में भी आंधी-तूफान की संभावना है। गुरुवार से यहाँ भी बारिश में कमी आएगी, लेकिन पहाड़ी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है।

तापमान का रिकॉर्ड: कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार से झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैली ट्रफ लाइन के कारण यह अस्थिरता बनी हुई है। सप्ताह के अंत तक आसमान साफ होते ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा, जो वैशाख की आहट के साथ और भी परेशान करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *