दिल्ली में खौफनाक वारदात: झगड़े के बाद पति ने LPG सिलेंडर से कूच दिया पत्नी का सिर, मासूम को गोद में लिए बैठा रहा कातिल

देश की राजधानी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की एलपीजी सिलेंडर से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की माँ थी।
क्या है पूरा मामला? पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश और उसकी पत्नी पूनम मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे और करीब डेढ़ महीने पहले ही दिल्ली के डीडीए हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रहने आए थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। गुस्साए सुरेश ने घर में रखे एक छोटे एलपीजी सिलेंडर से पूनम के सिर पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, पूनम दम तोड़ चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि आरोपी अपनी डेढ़ साल की बेटी को गोद में लेकर शव के पास ही बैठा था। पुलिस ने सुरेश को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
विशाखापत्तनम में फ्रिज से मिले लाश के टुकड़े: इसी तरह की एक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना विशाखापत्तनम के गाजुवाका इलाके से आई है। यहाँ एक मर्चेंट नेवी ऑफिसर चिंतादा रवींद्र पर अपनी प्रेमिका पॉलिपल्ली मौनिका की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पत्नी के घर से बाहर जाते ही उसने प्रेमिका को बुलाया और विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए लाश के टुकड़े किए और उन्हें फ्रिज और बोरियों में भर दिया। पुलिस ने आरोपी के घर से देह के टुकड़े बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।