ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कहां हैं? एक महीने से गायब होने पर रूस ने तोड़ी चुप्पी

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को कमान संभाले हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन वह अभी तक सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। २८ फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने सत्ता संभाली थी। हालांकि, उनकी लंबी अनुपस्थिति ने उनके स्वास्थ्य और स्थिति को लेकर दुनिया भर में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। केवल उनके कुछ लिखित बयान ही सरकारी टेलीविजन पर पढ़े जा रहे हैं, जिससे रहस्य और गहरा गया है।

इन अटकलों के बीच अब रूस ने ईरान का बचाव किया है। ईरान में रूस के राजदूत एलेक्सी देदोव ने रूसी मीडिया ‘आरटीवीआई’ को बताया कि मोजतबा खामेनेई देश में ही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खामेनेई-पुत्र ईरान में मौजूद हैं, लेकिन कुछ ‘ठोस कारणों’ से वह अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं। गौरतबल है कि अमेरिका ने दावा किया था कि उस हमले में मोजतबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका चेहरा ‘विकृत’ हो गया है। ऐसी भी अफवाहें थीं कि उन्हें इलाज के लिए मास्को ले जाया गया है, लेकिन रूस के बयान ने इन दावों को खारिज करने की कोशिश की है।

भले ही नेता नजरों से ओझल हों, लेकिन ईरान के कट्टरपंथियों का उत्साह कम नहीं हुआ है। हजारों लोग सड़कों पर उतरकर उनके प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं कि इस संकट काल में सत्ता की असली बागडोर किसके हाथ में है? ५६ वर्षीय मोजतबा पिछले ४० वर्षों से अपने पिता की छत्रछाया में पर्दे के पीछे से सत्ता संभालते रहे हैं। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि ईरानी प्रशासन में अब किसी व्यक्ति विशेष की तुलना में सुरक्षा बल और अन्य संस्थान अधिक शक्तिशाली हो रहे हैं, जो मोजतबा के एकांतवास का असली कारण हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *