ओरेकल में हाहाकार! बिना किसी नोटिस के हजारों कर्मचारियों की छुट्टी, ईमेल भेजकर दी जानकारी

दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल कॉर्पोरेशन (Oracle Corporation) ने वैश्विक स्तर पर बड़े पैमाने पर छंटनी करके आईटी जगत में हड़कंप मचा दिया है। अमेरिका और भारत सहित दुनिया के कई देशों में काम कर रहे कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे ईमेल भेजकर नौकरी से निकाल दिया गया है। कंपनी के इस अचानक लिए गए फैसले से हजारों परिवारों का भविष्य दांव पर लग गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह ६ बजे (EST) से कर्मचारियों के इनबॉक्स में छंटनी के ईमेल आने शुरू हुए। मैनेजमेंट की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया है कि कंपनी के नेतृत्व स्तर (Leadership Level) में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं, जिसके कारण कई पदों को समाप्त किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि एचआर या संबंधित मैनेजरों के साथ किसी भी चर्चा के बिना सीधे ‘पिंक स्लिप’ थमा दी गई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट और ब्लाइंड पर ओरेकल के कर्मचारियों ने अपना दुख साझा किया है। जानकारी के अनुसार, आरएचएस (Revenue and Health Sciences) और एसवीओएस (SaaS and Virtual Operations Services) जैसे विभागों में ३० प्रतिशत तक की कटौती की गई है। कुछ बिजनेस यूनिट्स में एक साथ १५-१६ इंजीनियरों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इसमें जूनियर डेवलपर्स से लेकर सीनियर मैनेजर तक शामिल हैं।

भारत में भी इसका बुरा असर देखने को मिल रहा है। ओरेकल की सहायक कंपनी ‘NetSuite’ के इंडिया डेवलपमेंट सेंटर (IDC) में कई पदों पर छंटनी हुई है। प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज (क्षतिपूर्ति) की घोषणा की गई है, लेकिन इसे प्राप्त करने के लिए ‘डॉक्यूसाइन’ के माध्यम से भेजे गए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की शर्त रखी गई है। मंदी की आहट के बीच टेक दिग्गजों द्वारा की जा रही यह छंटनी कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *