Gmail यूजर्स की बरसों पुरानी मुराद पूरी! अब चुटकियों में बदलें अपना ईमेल आईडी, गूगल का बड़ा ऐलान

गूगल ने अपने करोड़ों जीमेल यूजर्स को अब तक का सबसे बड़ा तोहफा दिया है। सालों के इंतजार के बाद, टेक दिग्गज ने आखिरकार एक ऐसा फीचर पेश किया है जिसके जरिए यूजर्स अपना जीमेल यूजरनेम (Email Address) बदल सकेंगे। अब आपको सालों पहले बनाए गए किसी ‘अजीब’ या प्रोफेशनल न लगने वाले ईमेल एड्रेस को ढोने की जरूरत नहीं होगी।
इस अपडेट पर खुशी जाहिर करते हुए गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने मजाकिया अंदाज में पोस्ट किया, “२००४ का साल अच्छा था, लेकिन आपके जीमेल एड्रेस को वहीं अटके रहने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजर्स की बदलती जरूरतों को देखते हुए अकाउंट को भी आधुनिक बनाने का यह मौका दिया जा रहा है।
कैसे काम करेगा यह नया फीचर? इस अपडेट के बाद यूजर्स अपने जीमेल एड्रेस में ‘@gmail.com’ से पहले वाले हिस्से को बदल पाएंगे। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि यूजरनेम बदलने के बावजूद आपका कोई भी डेटा, ईमेल, फोटोज या गूगल ड्राइव के दस्तावेज डिलीट नहीं होंगे। सब कुछ पहले की तरह सुरक्षित रहेगा।
यही नहीं, आपका पुराना ईमेल एड्रेस पूरी तरह खत्म नहीं होगा, बल्कि वह एक ‘वैकल्पिक ईमेल’ (Alias) के रूप में सक्रिय रहेगा। इसका मतलब है कि अगर कोई आपके पुराने एड्रेस पर मेल भेजता है, तो वह आपके नए इनबॉक्स में ही प्राप्त होगा। आप पुराने या नए, किसी भी आईडी का इस्तेमाल कर गूगल मैप्स, यूट्यूब और प्ले-स्टोर जैसी सेवाओं में लॉग-इन कर सकेंगे।
नियम और शर्तें भी जान लें गूगल ने इस सुविधा के साथ कुछ सीमाएं भी तय की हैं। एक यूजर साल में केवल एक बार अपना यूजरनेम बदल सकेगा और पूरी लाइफटाइम में अधिकतम तीन बार ही यह बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा, अगर यूजर चाहे तो भविष्य में अपने पुराने ईमेल एड्रेस पर वापस भी लौट सकता है।
यूजरनेम बदलने का तरीका: १. सबसे पहले गूगल अकाउंट की ‘Settings’ में जाकर ‘Personal Info’ पर क्लिक करें। २. ‘Email’ सेक्शन में जाकर ‘Google Account Email’ का चुनाव करें। ३. यदि आपका अकाउंट पात्र है, तो ‘Change Google Account Email’ का विकल्प दिखाई देगा। ४. यहां अपना नया यूनिक यूजरनेम दर्ज करें और सेव करें।
सुरक्षा के लिहाज से गूगल ने डेटा बैकअप रखने की सलाह दी है, हालांकि कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि इस प्रक्रिया में डेटा लॉस की कोई संभावना नहीं है। जीमेल का यह कदम उन करोड़ों लोगों के लिए वरदान साबित होगा जो अपने पुराने ईमेल एड्रेस के कारण असहज महसूस करते थे।