सुबह ६ बजे का ईमेल और छिन गई नौकरी! भारत में ओरेकल के १२,००० कर्मचारियों की छुट्टी, टेक जगत में मचा हड़कंप

आईटी सेक्टर के दिग्गजों में शुमार ‘ओरेकल’ (Oracle) ने वैश्विक स्तर पर अपने कर्मचारियों को एक बड़ा झटका दिया है। ३१ मई तक कुल ३०,००० कर्मचारियों की छंटनी की योजना के तहत, भारत में लगभग १२,००० कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। १ अप्रैल २०२६ की सुबह ६ बजे आए एक ईमेल ने हजारों परिवारों की नींद उड़ा दी। इस ईमेल में स्पष्ट रूप से बताया गया कि प्राप्तकर्ता अब कंपनी का हिस्सा नहीं हैं।
कैसे हुई छंटनी? रेडिट और ब्लाइंड जैसे प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के उन्हें निकाल दिया है। छंटनी के तुरंत बाद ही कर्मचारियों के आधिकारिक ईमेल आईडी, डिवाइस एक्सेस और ऑनलाइन दस्तावेजों को ब्लॉक कर दिया गया। हालांकि, कंपनी ने पूर्ण और अंतिम निपटान (FnF) और मुआवजा पैकेज देने की बात कही है, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
क्या एआई (AI) है जिम्मेदार? ओरेकल ने इस छंटनी का कारण ‘संरचनात्मक बदलाव’ बताया है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे असली वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता प्रभाव है। हाल ही में दिल्ली में हुए ‘AI इम्पैक्ट समिट २०२६’ में टेक दिग्गजों ने संकेत दिया था कि भविष्य में एआई के कारण नौकरियों में कटौती अनिवार्य होगी। ओरेकल का यह कदम उसी दिशा में बढ़ता एक संकेत माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले एक महीने में छंटनी का एक और दौर आ सकता है।