अलविदा ब्यूनस आयर्स! जाम्बिया के खिलाफ मेसी का जादुई गोल और आंखों में आंसू, क्या यह अंत की शुरुआत है?

क्या लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना की धरती पर अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिया है? बुधवार को ब्यूनस आयर्स के ‘ला बॉम्बनेरा’ स्टेडियम में जो नजारा दिखा, उसने पूरी दुनिया के फुटबॉल प्रशंसकों को भावुक कर दिया। जाम्बिया के खिलाफ एक दोस्ताना मैच में ५-० की शानदार जीत दर्ज करने के बाद, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी अपने आंसू नहीं रोक पाए। स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों की आंखों में भी आंसू थे, क्योंकि यह २०२६ विश्व कप से पहले घरेलू मैदान पर अर्जेंटीना का आखिरी मैच था।

मैदान पर मेसी का जादू: अगर यह अर्जेंटीना की मिट्टी पर मेसी का आखिरी मैच था, तो उन्होंने इसे यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मैच के चौथे मिनट में ही मेसी ने जूलियन अल्वारेज़ को गोल करने में मदद की। इसके बाद ४३वें मिनट में उन्होंने खुद एक शानदार गोल दागा। अर्जेंटीना के लिए वैलेंटिन बार्को और निकोलस ओटामेंडी ने भी गोल किए। ५-० की इस जीत ने दिखाया कि डिफेंडिंग चैंपियन विश्व कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

एक युग का अंत? मैच खत्म होने के बाद जब पूरा स्टेडियम ‘मेसी-मेसी’ के नारों से गूंज रहा था, तब दिग्गज फुटबॉलर को अपनी जर्सी से आंसू पोंछते देखा गया। मेसी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि २०२६ विश्व कप उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। मैच के दौरान प्रशंसकों ने उनसे एक बार फिर विश्व कप लाने की गुहार लगाई। ११ जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरू होने वाले इस महाकुंभ में मेसी अपनी टीम का नेतृत्व करेंगे। आज के आंसुओं ने यह साफ कर दिया कि नीली और सफेद जर्सी में अपने देश के लिए खेलना मेसी के लिए क्या मायने रखता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *