बंगाल में भीषण गर्मी का कहर, ४० डिग्री पहुंचेगा पारा! जानें कब मिलेगी चिलचिलाती धूप से राहत

अप्रैल की शुरुआत के साथ ही पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। सूरज की तपिश और उमस भरी गर्मी से लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में भारी बढ़ोतरी होने वाली है, जिससे लू जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले सप्ताह की शुरुआत से राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और काल बैसाखी का अनुमान है।

अगले ४८ घंटों का हाल: अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान २ से ३ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। शुक्रवार और शनिवार को कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण २४ परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और बीरभूम में भीषण गर्मी का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन इलाकों में पारा ४० डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

बारिश की वापसी: गर्मी के इस सितम के बीच रविवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। रविवार से मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में ३० से ४० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भी कुछ पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन मुख्य राहत रविवार से ही मिलने की उम्मीद है।

उत्तर बंगाल की स्थिति: उत्तर बंगाल के जिलों में अगले सात दिनों तक छिटपुट बारिश जारी रहेगी। रविवार से दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे पहाड़ी इलाकों में बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। सोमवार और मंगलवार को मालदा और दिनाजपुर में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। इस बारिश से तापमान में ३ से ४ डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *