लखनऊ दहलाने की साजिश नाकाम! चारबाग स्टेशन पर आतंकी हमले से पहले ४ गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कथित तौर पर सीमा पार बैठे पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर भारत के रेल नेटवर्क और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की फिराक में थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक भीषण हादसा टल गया है।
रेलवे और गैस टैंकरों पर था निशाना गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिब उर्फ डेविड, अरबाज, विकास गहलावत और लोकेश के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे। इनका मकसद रेलवे सिग्नल बॉक्स को आग लगाना, पटरियों को नुकसान पहुंचाना और गैस सिलेंडर से लदे ट्रकों में विस्फोट करना था। एटीएस ने इनके पास से विस्फोटक बनाने की सामग्री और कई स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
आईएसआई कनेक्शन और डिजिटल फंडिंग यूपी पुलिस के एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के मुताबिक, यह मॉड्यूल आईएसआई (ISI) से प्रेरित लग रहा है। आरोपियों को क्यूआर कोड के जरिए फंडिंग मिल रही थी। ये लोग लखनऊ, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे शहरों की रेकी कर वहां के वीडियो पाकिस्तान भेजते थे। एटीएस ने लखनऊ के एटीएस थाने में यूएपीए (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद भारतीय रेलवे ने देश भर के स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।