फिल्म फ्लॉप होते ही अक्षय कुमार ने लौटा दी करोड़ों की फीस! एकता कपूर भी रह गईं दंग, बॉलीवुड में मचा शोर

बॉलीवुड में अक्सर स्टार्स अपनी फीस और कॉन्ट्रैक्ट को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन अक्षय कुमार ने जो किया वह किसी मिसाल से कम नहीं है। अपनी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर असफल होते देख अक्षय खुद प्रोड्यूसर के पास पहुंचे और अपनी पूरी फीस वापस करने की पेशकश कर दी। अक्षय का यह व्यवहार देखकर मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर भी हैरान रह गईं। एकता, जो पिछले ३१ सालों से इंडस्ट्री में हैं, कहती हैं कि उन्होंने अपने करियर में आज तक ऐसा कुछ नहीं देखा।
इस दिलचस्प वाकये का खुलासा हाल ही में अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की नई फिल्म ‘भूत बंगला’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान हुआ। एकता कपूर ने साल २०१३ की फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’ का जिक्र करते हुए बताया कि लगभग ८५ करोड़ के बजट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। फिल्म के फ्लॉप होने के कुछ दिनों बाद, अक्षय कुमार बहुत ही सादगी से एकता के पास आए और एक चेक बढ़ाते हुए कहा, “यह लो तुम्हारे पैसे। इस फिल्म से तुम्हें नुकसान हुआ है, इसलिए मैं अपनी फीस वापस कर रहा हूँ।”
एकता कपूर ने बताया कि वह अक्षय की इस ईमानदारी को देखकर स्तब्ध थीं, क्योंकि आज के दौर में ऐसी नैतिकता मिलना नामुमकिन है। हालांकि, एकता ने वह चेक स्वीकार नहीं किया। उन्होंने अक्षय से कहा, “मैं पैसे वापस नहीं लूंगी, बल्कि आप मेरे लिए एक और फिल्म कीजिए। मुझे यकीन है कि हम साथ में बेहतर वापसी करेंगे।” एकता का वही भरोसा अब फिल्म ‘भूत बंगला’ के रूप में पर्दे पर आने वाला है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही इस हॉरर-कॉमेडी में अक्षय के साथ तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म १६ अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।