‘ममता को पूर्व मुख्यमंत्री बनाकर दम लूंगा!’ बेहाला में शुभेंदु अधिकारी का बड़ा धमाका

पश्चिम बंगाल चुनाव के गरमाते माहौल के बीच बुधवार को बेहाला पूर्व विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार शंकर सिकदर के नामांकन जुलूस में भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शिरकत की। ढोल-नगाड़ों और पुरुलिया के छऊ नृत्य के साथ निकले इस जुलूस में शुभेंदु ने ममता बनर्जी पर सीधा और तीखा हमला बोला।

ममता के ‘अहंकार’ पर प्रहार: ममता बनर्जी द्वारा भवानीपुर से नामांकन दाखिल करने के दिन ही शुभेंदु ने उन्हें निशाने पर लिया। शुभेंदु ने कहा, “भाजपा व्यक्ति-केंद्रित पार्टी नहीं है, यह किसी कंपनी की तरह नहीं चलती। यहां पहले राष्ट्र है, फिर दल और अंत में व्यक्ति। लेकिन मुख्यमंत्री हर जगह ‘मैं’ की बात करती हैं। वह कहती हैं कि मंदिर मैंने बनवाए, सब कुछ मैंने किया। जनता अब इस अहंकार को बर्दाश्त नहीं करेगी।”

भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज का मुद्दा: बेहाला की स्थानीय समस्याओं पर बोलते हुए शुभेंदु ने आरोप लगाया कि यहां के पार्षदों और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर तालाबों को पाट दिया है। उन्होंने कहा, “इस इलाके में अब एक भी तालाब सुरक्षित नहीं है। भाजपा का मतलब सिंडिकेट मुक्त बंगाल, महिला सुरक्षा और नौकरियां हैं। हमें बंगाल को ‘ग्रेटर बांग्लादेश’ बनने से रोकना होगा।” उन्होंने समर्थकों से कहा कि ममता बनर्जी का चेहरा साफ करने के लिए ‘फिनाइल और ब्लीचिंग’ तैयार रखें।

सुरक्षा और चुनौती: मतदान में धांधली की आशंकाओं को खारिज करते हुए शुभेंदु ने कहा, “घबराएं नहीं, कश्मीर से सेना आ रही है। इस बार राज्य में भयमुक्त चुनाव होंगे। अगर आप हर बूथ पर एजेंट दे पाए, तो जीत पक्की है।” उन्होंने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा, “मैंने उन्हें नंदीग्राम में हराया था, अब भवानीपुर में भी हराऊंगा। ममता बनर्जी को जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा।” इस तीखे भाषण के बाद बेहाला की राजनीति में गर्मी और बढ़ गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *