सोना दा की वापसी! ‘सप्तडिंगार गुप्तधन’ की टीम पहुंची स्कूल, बच्चों के साथ जमकर हुई मस्ती

बंगाली सिनेमा के सबसे चहेते ऐतिहासिक एडवेंचर ‘गुप्तधन’ फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘सप्तडिंगार गुप्तधन’ १५ मई को रिलीज होने के लिए तैयार है। इससे पहले फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट—अबीर चटर्जी, ईशा साहा, अर्जुन चक्रवर्ती और निर्देशक ध्रुव बनर्जी—शहर के एक निजी स्कूल में प्रचार के लिए पहुंचे। स्कूल के नन्हे बच्चों ने अपने पसंदीदा सितारों के लिए विशेष परफॉर्मेंस दी, जहाँ कुछ बच्चे खुद सोना दा, अबीर और झिनुक बनकर गुप्त खजाना खोजने का अभिनय करते दिखे।

ध्रुव बनर्जी की यह सीरीज हमेशा से ही इतिहास और रोमांच का बेहतरीन मिश्रण रही है। २०१८ में ‘गुप्तधनेर संधाने’ से शुरू हुआ यह सफर २०१९ में ‘दुर्गेशगढ़ेर गुप्तधन’ और २०२२ में ‘कर्णसुबर्णेर गुप्तधन’ तक पहुंचा। अब चार साल के लंबे इंतजार के बाद सुवर्ण सेन उर्फ सोना दा एक नए रहस्य के साथ लौट रहे हैं। स्कूल के कार्यक्रम के दौरान अबीर चटर्जी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि फिल्म का पहला टीज़र ‘पोइला बैसाख’ (१५ अप्रैल) को रिलीज किया जाएगा।

फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके कलाकारों को लेकर है। अबीर, ईशा और अर्जुन की तिकड़ी के अलावा इस बार दिग्गज अभिनेता-निर्देशक कौशिक गांगुली भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, उनका किरदार सकारात्मक है या नकारात्मक, इसे अभी गुप्त रखा गया है। संगीत की कमान इंद्रदीप दासगुप्ता संभाल रहे हैं। बच्चों के साथ केक काटकर पूरी टीम ने फिल्म की सफलता की कामना की। अब देखना यह है कि १५ मई को पर्दे पर सोना दा का यह नया मिशन दर्शकों को कितना रोमांचित कर पाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *