देर रात कोर्ट में ड्रामा! आई-पैक डायरेक्टर विनेश चंदेल १० दिनों की ED कस्टडी में

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सियासी गलियारों में भूकंप आ गया है। कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार आई-पैक (I-PAC) के डायरेक्टर विनेश चंदेल को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने १० दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में भेज दिया है। सोमवार आधी रात के बाद शुरू हुई सुनवाई तड़के सुबह तक चली, जिसके बाद कोर्ट ने यह कड़ा फैसला सुनाया।

हवाला और फर्जी लेनदेन का आरोप: ED के मुताबिक, विनेश चंदेल पर कम से कम ५० करोड़ रुपये के गबन और अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि फर्जी इनवॉइस और बिना किसी वैध दस्तावेज के भारी कर्ज लेकर काले धन को इधर-उधर किया गया। इस अवैध लेनदेन का एक बड़ा हिस्सा आई-पैक के खातों में भी पहुंचने की आशंका है। इससे पहले कोलकाता में आई-पैक के दफ्तर और प्रतीक जैन के ठिकानों पर हुई छापेमारी में कई अहम सुराग हाथ लगे थे।

राजनीतिक घमासान तेज: विनेश की गिरफ्तारी के बाद बंगाल की राजनीति का पारा चढ़ गया है। टीएमसी ने इसे चुनाव से पहले डराने की साजिश करार दिया है। वहीं, बीजेपी नेता दिलीप घोष ने पलटवार करते हुए कहा, “एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो चुनाव के दिन भी गिरफ्तारियां होंगी।” चुनाव के मुहाने पर आई-पैक के शीर्ष रणनीतिकार की गिरफ्तारी ने सत्तारूढ़ दल की चिंताओं को बढ़ा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *