होर्मुज में अमेरिकी नौसेना का घेरा! १५ युद्धपोतों के साथ ट्रम्प ने शुरू की ईरान की घेराबंदी

अमेरिका के बीच पिछले ४० दिनों से जारी जंग अब एक विनाशकारी मोड़ पर आ गई है। इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता की विफलता से आगबबूला होकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की पूर्ण नाकेबंदी का आदेश दे दिया है। सोमवार शाम से ही अमेरिकी नौसेना ने इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को चारों तरफ से घेर लिया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, यह नाकेबंदी भारतीय समयानुसार शाम ७:३० बजे से प्रभावी हो गई है। ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश करने या वहां से निकलने वाले किसी भी जहाज को रोकने के लिए ओমান की खाड़ी और अरब सागर में १५ से अधिक घातक युद्धपोत तैनात किए गए हैं। इस मिशन में ‘USS Tripoli’ जैसे अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट कैरियर को उतारा गया है, जो २० से अधिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट्स से लैस है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर साफ लिखा, “यदि ईरान का कोई भी हमलावर जहाज हमारी घेराबंदी के करीब आता है, तो उसे तुरंत और बेरहमी से नष्ट कर दिया जाएगा।”
ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि ईरान ने समझौते की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है, जिसके कारण अमेरिका को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह ऑपरेशन केवल ईरान को निशाना बनाने के लिए है और अन्य देशों के जहाजों के आवागमन में कोई बाधा नहीं डाली जाएगी। हालांकि, इस नाकेबंदी से वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापारिक मार्गों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।