“ममता और मोदी एक ही सिक्के के दो पहलू!” बंगाल में राहुल गांधी का बड़ा हमला, बताया- कैसे TMC कर रही BJP की मदद

पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरते ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। रायगंज में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित सेनगुप्ता के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ही बंगाल में बीजेपी के लिए रास्ता साफ कर रही है। राहुल ने कहा, “बीजेपी अपने दम पर नहीं जीतती, वह विपक्ष के वोट काटकर जीतती है। और उन्हें यह सुविधा कौन दे रहा है? बंगाल में टीएमसी ही बीजेपी की मदद कर रही है।” उन्होंने केंद्र द्वारा बंगाल का २ लाख करोड़ रुपये रोकने और १०० दिन के काम का पैसा काटने का भी जिक्र किया।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरते हुए राहुल ने कहा कि अगर मोदी भ्रष्ट हैं, तो टीएमसी भी पीछे नहीं है। उन्होंने शारदा और रोजवैली चिटफंड घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों निवेशकों का पैसा आज भी फंसा हुआ है। राहुल ने तंज कसते हुए कहा, “ममता जी ने बंगाल के उद्योगों को नष्ट कर दिया, तो नरेंद्र मोदी ने देश के उद्योगों को।” उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में केवल ‘सिंडिकेट’ राज चल रहा है, जहां हर काम के लिए टीएमसी के गुंडों को पैसा देना पड़ता है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

बेरोजगारी के मुद्दे पर राहुल ने बताया कि राज्य में ८४ लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है, जो ममता सरकार के रोजगार के दावों की पोल खोलता है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के ‘गारंटी कार्ड’ का भी ऐलान किया, जिसमें हर परिवार को १० लाख का स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त कैंसर इलाज, किसानों को सालाना १५,००० रुपये और महिलाओं को हर महीने २,००० रुपये देने का वादा किया गया है। राहुल ने दिवंगत नेता प्रियरंजन दासमुंशी को याद करते हुए जनता से अपील की कि वे नफरत और हिंसा की राजनीति को खत्म करने के लिए कांग्रेस को वोट दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *