“आधार-वोटर कार्ड लिंक है, पता चल जाएगा किसे दिया वोट!” टीएमसी नेता की धमकी से मचा बवाल

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच कोलकाता के सॉल्टलेक इलाके से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर ११६ (बीएमसी वार्ड ३८) के स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता निर्मल दत्त का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम मतदाताओं को धमकाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में निर्मल दत्त को यह कहते सुना जा सकता है कि, “आधार कार्ड और वोटर आईडी लिंक हैं। आप किसे वोट दे रहे हैं, हम सब जान पाएंगे। हमारे पास एक ऐप है जिसके जरिए हम सारी जानकारी निकाल लेंगे।”

इस वीडियो के सामने आते ही बीजेपी ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर हमला बोल दिया है। बीजेपी नेतृत्व का कहना है कि यह मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और टीएमसी ‘जंगलराज’ चला रही है। बीजेपी ने इस मामले में चुनाव आयोग से तुरंत हस्तक्षेप करने और निर्मल दत्त को गिरफ्तार करने की मांग की है। हालांकि, तकनीकी विशेषज्ञों और चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, आधार और वोटर आईडी के बीच ऐसा कोई लिंक नहीं है जिससे यह पता लगाया जा सके कि किसी व्यक्ति ने किसे वोट दिया है। मतदान की गोपनीयता भारतीय लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा है।

यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह क्षेत्र राज्य के दमकल मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार सुजीत बसु का निर्वाचन क्षेत्र है। राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर चिंता जताई जा रही है कि भारी केंद्रीय बलों की तैनाती के बावजूद कोलकाता जैसे शहर में मतदाताओं को इस तरह डराया जा रहा है। बीजेपी का आरोप है कि टीएमसी हार के डर से लोगों को डराने-धमकाने का सहारा ले रही है। फिलहाल इस विवादित बयान पर सुजीत बसु की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन चुनाव आयोग इस वायरल वीडियो पर संज्ञान ले सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *