खुद का AI सिस्टम ही देगा भारत को सुरक्षा! आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट सचिव का बड़ा मंत्र।

नई दिल्ली में आयोजित आर्मी कमांडर्स सम्मेलन में मंगलवार को देश के कैबिनेट सचिव डॉ. टी. वी. सोमनाथन ने शिरकत की और भारतीय सेना के शीर्ष अधिकारियों के सामने भविष्य की चुनौतियों का खाका रखा। सोमनाथन ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत को अब अपने स्वयं के एआई (AI) सिस्टम विकसित करने होंगे। उन्होंने बदलती वैश्विक परिस्थितियों और भू-राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए लचीली और मजबूत सप्लाई चेन के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।

कैबिनेट सचिव का मानना है कि आज के दौर में चुनौतियां केवल सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी वैश्विक संकट या तनाव के दौरान देश के हितों की रक्षा तभी संभव है, जब हमारी आपूर्ति श्रृंखला अटूट और भरोसेमंद हो। डॉ. सोमनाथन ने ‘Whole-of-Nation Approach’ यानी ‘संपूर्ण राष्ट्र के दृष्टिकोण’ पर बल देते हुए कहा कि सेना या सरकार अकेले किसी भी बड़ी चुनौती का सामना नहीं कर सकती। इसके लिए सरकार, उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों को एक सूत्र में पिरोकर काम करना होगा।

उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की संकल्पना को विस्तार देते हुए कहा कि यह महज एक सरकारी नीति नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय सोच है, जिसमें हर नागरिक और हर संस्था की भागीदारी अनिवार्य है। सिविल और मिलिट्री के बीच बेहतर तालमेल को उन्होंने सुरक्षा और विकास के लिए सबसे अहम कड़ी बताया। डॉ. सोमनाथन का यह संबोधन आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश की सैन्य तैयारियों को भविष्य की हाइब्रिड और तकनीकी जंग के लिए पूरी तरह सक्षम बनाना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *