लखीमपुर खीरी में अंबेडकर जयंती पर बवाल! मूर्ति तोड़े जाने के बाद पुलिस की गाड़ियों में लगाई आग।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र स्थित बांकेगंज गांव में मंगलवार शाम को उस वक्त भारी तनाव व्याप्त हो गया, जब बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की खबर मिली। अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने न केवल विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब भीड़ ने हिंसक रुख अख्तियार कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। आगजनी और पथराव की घटनाओं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है और प्रशासन शांति बनाए रखने की लगातार अपील कर रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस विवाद की जड़ एक विवादित जमीन है। बताया जा रहा है कि दलित समुदाय के ‘गौतम समाज’ और ‘भार्गव समाज’ के बीच सुबह से ही तनातनी चल रही थी। गौतम समाज के लोग विवादित जमीन पर बाबा साहेब की मूर्ति स्थापित करना चाहते थे, जिसका भार्गव समाज ने कड़ा विरोध किया। इसी बहस ने शाम तक हिंसक रूप ले लिया और मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस अब दोषियों की शिनाख्त कर रही है और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *