इजरायली पर्यटक से गैंगरेप और हत्या! कर्नाटक की कोर्ट ने ३ दरिंदों को सुनाई ‘फांसी’ की सजा

कर्नाटक के कोप्पल जिले की एक अदालत ने सोमवार को एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को मौत की सजा दी है। इन तीनों पर हम्पी के पास एक इजरायली नागरिक सहित दो युवतियों के साथ सामूहिक बलात्कार और एक पर्यटक की हत्या का संगीन जुर्म साबित हुआ है। गंगावती जिला एवं सत्र न्यायालय ने इस मामले को ‘दुर्लभतम से दुर्लभ’ (Rare of Rarest) करार देते हुए हाडिमल्ला, साई और शरणप्पा को फांसी की सजा सुनाई।
यह दिल दहला देने वाली घटना पिछले साल ६ मार्च को हम्पी के पास सनपुरा में तुंगभद्रा नहर के किनारे हुई थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, तीनों दोषियों ने पर्यटकों के एक समूह को घेर लिया और उनसे पैसों की मांग की। जब पर्यटकों ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो इन दरिंदों ने ग्रुप के तीन पुरुषों को नहर के गहरे पानी में धकेल दिया। उनमें से दो किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन ओडिशा का एक पर्यटक नहर में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद, दोषियों ने दो महिलाओं को बंधक बनाकर उनका यौन उत्पीड़न किया, जिनमें से एक इजरायली पर्यटक थी।
इस घटना ने पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया था। कर्नाटक पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी जांच की और दोषियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए। सजा सुनाते वक्त जज ने कहा कि विदेशी पर्यटकों के साथ इस तरह का व्यवहार देश की छवि को धूमिल करता है और ऐसे जघन्य अपराध के लिए मौत से कम कोई सजा नहीं हो सकती। सोमवार को आए इस फैसले के बाद न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।