कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप! ईरान-इजरायल जंग के बीच मदीना में फंसे मंत्री फिरहाद के परिजन
ईरान और इजरायल के बीच छिड़े युद्ध ने वैश्विक विमानन सेवाओं को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई की मौत के बाद हवाई क्षेत्र असुरक्षित हो गया है। इसके परिणामस्वरूप, कोलकाता हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी जाने वाली कम से कम 10 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
फ्लाई एमिरेट्स, कतर एयरवेज और एतिहाद एयरवेज जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों से अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। इसका सबसे बड़ा असर उन यात्रियों पर पड़ा है जो फिलहाल विदेशों में फंसे हुए हैं।
सेलेब्रिटी और खिलाड़ी हुए परेशान: उड़ानें रद्द होने के कारण टॉलीवुड अभिनेत्री शुभश्री गांगुली दुबई में फंस गई हैं, जबकि अभिनेत्री संदीप्ता सेन भी स्वदेश नहीं लौट पा रही हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम की पत्नी और बेटी मदीना में अटके हुए हैं। खेलों पर भी इसका असर दिख रहा है; भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज की टीम कोलकाता के एक होटल में रुकी हुई है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम दिल्ली में फंसी है। ईरान द्वारा दुबई में अमेरिकी एयरबेस पर किए गए हमलों के बाद हवाई यात्रा पर संकट के बादल और गहरे हो गए हैं।