क्या मारे गए मोजतबा खामेनेई? अमेरिकी हमलों के बाद ईरान में नेतृत्व का संकट, ट्रंप बोले- ‘अब वे डील चाहते हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के भाग्य को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। फ्लोरिडा में आयोजित ‘फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव प्रायोरिटी समिट’ में बोलते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब पूरी तरह से घुटनों पर है और उसका नेतृत्व खत्म हो चुका है। ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई पर निशाना साधते हुए कहा, “सुप्रीम लीडर अब सुप्रीम नहीं रहे। वे या तो मर चुके हैं या फिर बहुत बुरी हालत में हैं, क्योंकि काफी समय से उनका कोई अता-पता नहीं है।”

2026 के युद्ध की शुरुआत में अपने पिता आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया था। हालांकि, नियुक्ति के बाद से ही वह सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। इसी रहस्य पर तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हमलों ने ईरान की नौसेना को समुद्र के नीचे डुबो दिया है और उनकी वायु सेना और संचार प्रणालियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, “हमने ईरान के हथियारों के जखीरे को मिटा दिया है। उनके मिसाइल और ड्रोन कारखाने अब मलबे में तब्दील हो चुके हैं।” उन्होंने आगे खुलासा किया कि ईरान अब घबराया हुआ है और समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है। ट्रंप के अनुसार, ईरान के अनुरोध पर ही उन्होंने ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों को 10 दिनों के लिए टाल दिया है ताकि बातचीत आगे बढ़ सके।

ईरान ने आधिकारिक तौर पर मोजतबा के स्वस्थ होने का दावा किया है, लेकिन ट्रंप की इस ‘डेथ थ्योरी’ ने वैश्विक कूटनीति में खलबली मचा दी है। ट्रंप का यह कटाक्ष और मोजतबा की रहस्यमयी चुप्पी ने ईरान के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है। क्या वाकई ईरान का नया सुप्रीम लीडर अब केवल कागजों तक सीमित रह गया है?

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *