बंगाल में अकेले लड़ेगी कांग्रेस! मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रत्याशियों पर लगी मुहर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। शनिवार को दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में बंगाल की सभी 294 सीटों पर चर्चा की गई, जिनमें से 286 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए गए हैं। बंगाल कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पुष्टि की है कि सूची आज रात या कल सुबह तक जारी की जा सकती है।
मजबूत चेहरों पर दांव: बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अधीर रंजन चौधरी सहित बड़े नेता शामिल थे। पार्टी ने इस बार किसी भी दल से गठबंधन न कर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे गढ़ों को बचाने के लिए पूर्व विधायकों और युवा लड़ाकू चेहरों को टिकट दिया जा रहा है। अधीर रंजन चौधरी बहरामपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस का मानना है कि हालांकि वे प्रचार में थोड़े पीछे हैं, लेकिन उम्मीदवारों की घोषणा के बाद वे पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे। अगले महीने से राहुल और प्रियंका गांधी भी बंगाल में रैलियां शुरू करेंगे।