असम चुनाव में हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा धमाका! जीत मिली तो हर साल २ एलपीजी सिलेंडर मुफ्त

असम विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बड़ी चुनावी घोषणा करके विपक्ष को चौंका दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर में एलपीजी (LPG) आपूर्ति पर संकट मंडरा रहा है, लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री ने असम की जनता को साल में दो मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया है।
त्योहारों पर मिलेगा उपहार शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “अगर भाजपा गठबंधन फिर से सत्ता में आता है, तो हम राज्य के लोगों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देंगे। पहला सिलेंडर बिहू से पहले और दूसरा दुर्गा पूजा से पहले दिया जाएगा। इसके लिए जनता को कोई भुगतान नहीं करना होगा, सारा खर्च ‘मामा’ (जैसा कि उन्हें असम में प्यार से बुलाया जाता है) वहन करेंगे।”
संकट के बीच तैयारी पूरी ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने की धमकी के बाद भारत में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। हालांकि, असम सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। केंद्र सरकार ने एलपीजी आपूर्ति के लिए नई एसओपी (SOP) भी जारी की है, जिसका उल्लंघन करने पर हाल ही में पांच वितरकों को निलंबित किया गया है। असम में ९ अप्रैल को मतदान होना है और ४ मई को नतीजे आएंगे। यह चुनावी वादा न केवल असम बल्कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के मतदाताओं का ध्यान भी खींच रहा है, जहां इस महीने के अंत में मतदान होना है।